शहर से लगे ग्राम कंचनपुर में बेटी के घर जाने के नाम से निकली एक बुजुर्ग महिला को जंगली हाथी ने सूंड में लपेट पटक कर मार डाला। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर के ग्राम कुंदीकला निवासी लोलो टेकाम 60 वर्ष 23 अगस्त को परिजनों को बेटी के घर ग्राम घंघरी जाना बता घर से निकली थी। आज 25 अगस्त को प्रातः गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर के पास एक हाथी विचरण कर रहा था, और लोलो टेकाम हाथी के नजदीक जाने लगी, ग्रामीणों ने शोर मचा उसे रोकने का प्रयास किया मगर वृद्धा ने इसे अनसुना कर दिया और आगे बढ़ती रही, नजदीक आते ही हाथी ने उसे सूंड से उठा लिया और पटक दिया। हाथी के जाने के बाद ग्रामीण वहां पहुंचे और उसे बेहोशी की हालत में लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से ग्रामीणों में दहशत है। शहर के नजदीक हाथी के आ जाने से वन विभाग का अमला निगरानी करने के साथ जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुट गया है।

