सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में एक व्यवसायी पर हमला कर 20 लाख रुपये नगद लूटने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में ही घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने लूट की पूरी राशि, मोटरसाइकिल समेत सारा सामान बरामद कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन और सीएसपी आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस को यह कामयाबी मिली। पुलिस के मुताबिक दिनांक 28 दिसंबर 2025 को रात करीब 9:30 बजे सत्तीपारा रोड के कैलाश मोड़ पर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। खालपारा खेड़ी स्थित दुकान से घर लौट रहे व्यवसायी अनिल अग्रवाल (मामा श्री अंकित गोयल के अनुसार) पर अज्ञात बदमाशों ने दीवार के पास छिपकर अचानक डंडे से उनके सिर पर जोरदार प्रहार किया। हमले से अनिल अग्रवाल को गंभीर चोटें आईं और बदमाशों ने उनके हाथ से रुपये से भरा बैग छीनकर अंधेरे में फरार हो गए। पीड़ित के भांजे अंकित गोयल ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 956/25 धारा 109 (1), 311, 309(6), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पीड़ित का डाक्टरी परीक्षण कराया गया।
CCTV और मुखबीर की सूचना से मिला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के सख्त निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने फौरन कमर कस ली। CCTV, पूछताछ और मुखबीर की सूचना से पता चला कि संदिग्ध जगदीशपुर के खेतों में छिपे हैं। पुलिस टीम ने खेतों में घेराबंदी कर पीछा किया। भागते हुए आरोपियों का पैसे से भरा बैग गिर गया और उन्होंने सफेद रंग की पल्सर NS मोटरसाइकिल छोड़ दी। पुलिस ने बैग से 18 लाख रुपये और मोटरसाइकिल बरामद की।
पूछताछ में जुर्म कबूला, बाकी 2 लाख भी बरामद
फरार दोनों आरोपियों की तलाश में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिंह और साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा की टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी जानकारी से जगदीशपुर के खेतों में छिपे दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दीपक दास 24 वर्ष पिता जयमंगल दास, निवासी खालपारा, अमगासी, लखनपुर, रोहित दास पिता भकुस दास, निवासी भातुपारा, अंबिकापुर। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनके कब्जे से लूट की शेष 2 लाख रुपये नगद बरामद हो गई। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
*lकार्यवाई में इनकी रही सक्रिय भुमिका
इस सम्पूर्ण कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अदीप सिंह, विवेक पांडेय, अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, अजय पांडे, छत्रसाल सिंह, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, विवेक राय,नितिन सिन्हा और देवेंद्र पाठक की अहम भूमिका रही।
