Current Date:27 Oct 2026





ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी कार

एक नाबालिग व एक युवती की मौत, तीन घायल

ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी कार
महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक (झलप) के पास शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। इस सड़क हादसे में कार सवार तसनिया खान (16) और सना गाजी (26) की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे में 3 लोग जख्मी हो गए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया है। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदार घायलों से मिलने के लिए रायपुर रवाना हुए हैं। महासमुंद के पटेवा थाना प्रभारी घटना की जांच कर रहे हैं।
बताया जाता हैं कि राजनांदगांव-बासुला के रहने वाले अमीन खान के बड़े बेटे का ओडिशा के संबलपुर में विवाह तय हुआ था। अमीन खान अपने रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर संबलपुर गए थे। गुरुवार देर शाम को विवाह संपन्न होने के बाद अमीन खान का छोटा बेटा अपनी बहन तसनिया खान (16 साल) समेत 5 लोगों को लेकर कार से राजनांदगांव वापसी के लिए निकला था। घर में आयोजित शादी समारोह की तैयारी के मद्देनजर अमीन खान ने अपने छोटे बेटे को पहले रवाना किया था। जैसे ही कार बावनकेरा के पास पहुंची, ओवरटेक करने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। इस हादसे में तसनिया खान (16) और सना गाजी (26) की मौके पर मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव की कार्रवाई करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से मुस्लिम परिवार के यहां चल रहे शादी समारोह की खुशी मातम में बदल गई।