Current Date:03 Jun 2026





अंबिकापुर- पैलेस के पास कुएं में महिला-पुरुष की औंधे मुंह पड़ी मिली लाश, पुलिस तस्दीक में जुटी कबाड़ का काम करते थे दोनों

पैलेस के पास ही कचरा व कबाड़ बेच जीवन निर्वाह करते थे दोनों, शराब के नशे में विवाद के बाद कुएं में गिर मौत होने जताई जा रही संभावना

अंबिकापुर- पैलेस के पास कुएं में महिला-पुरुष की औंधे मुंह पड़ी मिली लाश, पुलिस तस्दीक में जुटी कबाड़ का काम करते थे दोनों
छत्तीसगढ़ टुडे 24 राजीव कश्यप
सरगुजा पैलेस व कोठीघर की दीवार से लगे कुएं में शनिवार की शाम महिला-पुरुष की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। आस-पास के लोगों ने लाश देख कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को निकालने की प्रक्रिया शुरु की। घटनास्थल के पास ही रहने वाले लोगों का कहना है कि दोनों कचरा व कबाड़ बीनकर जीवन-यापन कर रहे थे। शराब के नशे में विवाद के बाद दोनों के कुएं में कूदने या गिरने की संभावना जताई जा रही है।
डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के पैलेस व कोठीघर से लगी दीवार के पास पुराना कुआं स्थित है। कुएं में बारिश का पानी लबालब है। कुएं का उपयोग नहीं होने से आस-पास के गैरेज सहित लोगों द्वारा उसमें कचरा भी फेंका जाता है।शनिवार की शाम करीब 6 बजे कुएं से लगे गैरेज व दुकान के लोगों ने कुएं में महिला व पुरुष की औंधे मुंह पड़ी लाश देखी तो उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना उन्होंने कोतवाली पुलिस को दी।सूचना मिलते ही टीआई राजेश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला व एसडीओपी अखिलेश कौशिक भी घटनास्थल पहुंचे और जांच की। पुलिस द्वारा दोनों के शवों को रात करीब 7.15 बजे तक निकालकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया।

कबाड़ बीनते थे महिला-पुरुष

घटनास्थल के आस-पास रहने वाले लोगों का कहना है कि मृत महिला-पुरुष शहर में घूम- घूमकर कचरा व कबाड़ बीनने का कार्य करते थे। दोनों पैलेस के आस-पास ही झाला (झोपड़ी बना कर उसी में गुजर बसर करते थे एवं अक्सर शराब के नशे में दोनों विवाद करते रहते थे। दोनों कहां के रहने वाले हैं  तथा क्या नाम है, इसका पता नहीं चल सका है।संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार की रात दोनों शराब के नशे में विवाद करने के दौरान गिर या कूद गए होंगे। गौरतलब है कि इस घटना के 2 महिने  पूर्व भी कबाड़ बीनने वाली एक महिला का शव कबाड़ बीनने वाले 2 युवकों ने पुराना बस स्टैंड स्थित दुकान के पास रखा था।