Current Date:02 Jun 2026





सरगुजा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ थाने में शिकायत,पूर्व प्रभारी डॉ. खान के स्थानांतरण बाद चरमराई व्यवस्था

रात में डाक्टर के न मिलने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों ने किया हंगामा

सरगुजा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ थाने में शिकायत,पूर्व प्रभारी डॉ. खान के स्थानांतरण बाद  चरमराई व्यवस्था
राजीव कश्यप सीजी टुडे24

सरगुजा के उदयपुर ब्लॉक अंतर्गत सलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार की रात डॉक्टर के नहीं मिलने पर करीब 25 की संख्या में ग्रामीण युवकों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। कुर्सियों को अस्त-व्यस्त कर जमकर हंगामा मचाया। मामले की शिकायत उदयपुर थाने में बीएमओ ने की है। हालांकि, मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अक्सर डॉक्टर नहीं रहते हैं।

जानकारी के मुताबिक, सलका में बीती रात गणेश विसर्जन के दौरान एक ग्रामीण युवक को चोट लग गई। उसका उपचार कराने के लिए युवक सलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अस्पताल में पता चला कि रात में कोई डॉक्टर नहीं रहते। इसे लेकर युवक भड़क गए। युवकों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की कुर्सियों को लात मारी और सामानों को बिखेर दिया। हंगामें के दौरान रात्रि कालीन ड्यूटी में तैनात कर्मी सहमे रहे।

/डॉक्टर के नहीं रहने से भड़का आक्रोश/


सलका प्राथमिक स्वास्थ्य में पूर्व में पदस्थ प्रभारी डॉ. खान के तबादले के बाद अस्पताल में चिकित्सकों के नहीं रहने व अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश की स्थिति है। पूर्व में भी यहां चिकित्सकों के नहीं रहने की शिकायत ग्रामीण कर चुके हैं।

/बीएमओ ने थाने में की शिकायत/

मामले की शिकायत उदयपुर बीएमओ डॉ योगेंद्र पैकरा ने उदयपुर थाने में दे दी है। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। बीएमओ डॉ. पैकरा ने बताया कि अस्पताल में 12 का स्टाफ पदस्थ है। डॉक्टरों की ड्यूटी को लेकर वे जांच करेंगे।
 हालांकि बीएमओ यह नहीं बता पाए कि अस्पताल में रात्रि कालीन सेवा में किसी ऑन कॉल डॉक्टर की सेवा में किसी की ड्यूटी थी या नहीं। उन्होंने कहा कि वे अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की पहल करेंगे।