राजीव कश्यप सीजी टुडे 24
सरगुजा जिले के दरिमा एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने के लिए डीजीसीए की अनुमति के बाद एलायंस एयर ने मंगलवार को यहां 72 सीटर विमान उताकर ट्रायल रन पूरा किया। एलायंस एयर का 72 सीटर विमान बिलासपुर से उड़ान भरकर दरिमा में उतारा। शुरुआत में कंपनी बिलासपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करेगी। इसके बाद वाराणसी, कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा शुरू करने की संभावना है। ट्रायल रन के बाद डीजीसीए नियमित उड़ान के लिए अनुमति देगी।
सरगुजा के संभाग मुख्यालय से 12 किलोमीटर
दूर स्थित मां महामाया एयरपोर्ट को डीजीसीए ने लाइसेंस मार्च 2024 में जारी किया है। लाइसेंस जारी होने के दो दिनों बाद ही लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। विमानन कंपनियों ने अंबिकापुर से हवाई सेवा शुरू करने में रुचि दिखाई है। इनमें एलायंस एयर भी शामिल है, जो देश के कई प्रमुख शहरों से अपनी उडानें संचालित कर रही है।
/एलांयस एयर ने किया ट्रायल रन/
मंगलवार को बिलासपुर से 72 सीटर विमान ने दोपहर में उड़ान भरी। सरगुजा में खराब मौसम के कारण उड़ान में देरी हुई। एलाएंस एयर के 72 सीटर विमान ने अधिकारियों को लेकर दरिमा एयरपोर्ट में सफलता पूर्वक लैंडिंग की। 72 सीटर विमान ने 14.50 बजे लैंडिंग की व 15.10 बजे वापसी के लिए टेकऑफ किया और बिलासपुर के लिए रवाना हो गई।
/नियमित सेवा के लिए एलाएंस एयर लेगी अनुमति/
एलायंस एयर कंपनी इस ट्रायल की रिपोर्ट डीजीसीए को प्रस्तुत करेगी। इसके बाद ही नियमित उड़ान शुरू हो सकेगी। एलायंस एयर कंपनी के अधिकारियों के अनुसार अंबिकापुर से हवाई सेवा की बेहतर संभावनाएं हैं। एलायंस एयर कंपनी का पूर्व का निरीक्षण सकारात्मक रहा है। फिलहाल बिलासपुर के लिए सीधी उड़ान सेवा शरू होगी।
भविष्य में एलायंस एयर
रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी की सेवा शुरू करने पर विचार कर सकती है। इसके अलावा वर्तमान में संचालित कुछ फ्लाइट का स्टापेज भी दरिमा, अंबिकापुर दिया जा सकता है। जून माह में एलायंस एयर के अधिकारियों ने यहां पहुंचकर यहां एयरपोर्ट का निरीक्षण करते हुए हवाई सेवा की संभावनाएं देखी थी।
/72 सीटर विमान का होगा संचालन/
दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट का उन्नयन 47 करोड़ की लागत से किया गया है। यहां 72 सीटर विमानों का परिचालन हो सकेगा। 364 एकड़ में नए सिरे से 1920 मीटर लंबे एयर स्ट्रीप का निर्माण किया गया है, इसमें 1800 मीटर मुख्य रनवे शामिल है। 04 मई को दरिमा एयरपोर्ट की क्वालिटी चेक करने एक 9 सिटर विमान रायपुर से अम्बिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट में उतारा गया था। बड़े विमान उतारने का पहला ट्रायल आज पूरा किया गया।
/एलाएंस एयर ने बढ़ाई उम्मीद/
एलायंस एयर घरेलू उड़ान सेवा की बड़ी कंपनी है। वर्तमान में कंपनी रायपुर से हैदराबाद, जगदलपुर एवं बिलासपुर से जगदलपुर तक हवाई सेवा का संचालन कर रही है।
पूर्व में यह कंपनी एयर इंडिया के स्वामित्व में थी। एयर इंडिया के विनिवेश के बाद यह भारत सरकार की स्वतंत्र व्यवसायिक इकाई के रूप में कार्य कर रही है। वर्तमान में एलायंस एयर प्रतिदिन 137 घरेलू उड़ाने संचालित करती है एवं 57 शहरों से संचालित होती है।
सरगुजा से हवाई सेवा शुरू करने को लेकर सांसद चिंतामणि महाराज ने विमानन मंत्री से भी पहल की अपील की थी। ट्रायल रन के बाद माना जा रहा है कि कुछ ही दिनों में नियमित विमान सेवा अंबिकापुर से शुरू हो जाएगी।
