अम्बिकापुर 23 जुलाई 2025/ राज्य शासन की महत्वाकांक्षी एग्रीस्टैक परियोजना अंतर्गत डिजिटल फसल सर्वेक्षण को लेकर जिले में राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल का उद्देश्य त्रुटिरहित फसल गिरदावरी सुनिश्चित करते हुए युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण का पहला चरण 3 जुलाई 2025 को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों को सैद्धांतिक जानकारी दी गई। इसके पश्चात 23 जुलाई 2025 को ग्राम सरगवां में डीसीएस (डिजिटल क्रॉप सर्वे) ऐप के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण संपन्न हुआ। इस दौरान पटवारी, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार सहित राजस्व अमले ने खेतों में जाकर फसल सर्वेक्षण की वास्तविक प्रक्रिया का अभ्यास किया।

यह डिजिटल सर्वेक्षण डीसीएस ऐप के माध्यम से रियल टाइम किया जाएगा, जिसमें खेत की भौगोलिक स्थिति के साथ फसल की फोटो अपलोड की जाएगी। राज्य शासन द्वारा भू-नक्शों के जीव-रिफ्रेसिंग के पश्चात अब त्रुटिरहित फसल सर्वेक्षण संभव हो पाया है। इससे गिरदावरी की सटीकता बढ़ेगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी।
इस परियोजना के तहत ग्राम के शिक्षित युवाओं को भी सर्वेयर के रूप में जोड़ा जा रहा है। इच्छुक युवा अपने तहसील कार्यालय या हल्का पटवारी के पास आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक खसरा सर्वेक्षण पर 10 रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को तहसील स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से डिजिटल फसल सर्वे की विधियां सिखाई जाएंगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन OIC भू-अभिलेख श्री राम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में, अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती स्मिता अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। प्रशिक्षण प्रदान करने में मास्टर ट्रेनर श्री रामराज सिंह, कृष्ण कंवर, अमितेश स्वर्णकार, राजबहादुर सिंह एवं देवेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---00---

अम्बिकापुर 23 जुलाई 2025/ जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा वर्ष 2023-24 के अंतर्गत सरगुजा संभाग के जिले सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी भरतपुर तथा पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में रिक्त आरक्षक संवर्ग के पदों की पूर्ति हेतु प्रथम चरण अंतर्गत दस्तावेजों की जांच, शारीरिक माप एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा उपरांत आगामी चरण में लिखित परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुज़ा एवं अध्यक्ष चयन समिति ने बताया कि लिखित परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थियों की सूची छत्तीसगढ़ पुलिस की अधिकृत वेबसाईट तथा सरगुजा ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट में अपलोड किया जा रहा है। सूची सरगुजा संभाग के समस्त जिलों के पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं कंट्रोल रूम में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा व्यापमं के द्वारा आयोजित की जाएगी, लिखित परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल की वेबसाईट में पुनः रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन नहीं करने की स्थिति में अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में बैठने हेतु पात्र नहीं होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी। भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष है। उन्होंने अभ्यर्थियों को किसी व्यक्ति के जालसाजी, धोखाधड़ी या लेन-देन से दूर रहने कहा है, यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर किसी प्रकार का प्रलोभन देता है तो तत्काल सूचना चयन समिति को दिया जाए।
---00---

