सीजी टुडे 24 ब्यूरो राजीव कश्यप
अंबिकापुर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी छापे के खिलाफ रविवार को व्यापारी संघों ने नगर बंद रखकर रैली निकाली। जिसका व्यापक असर दिखा। सुबह से ही दुकानें बंद रहीं। कलेक्टोरेट चौकी पर व्यापारी संघों ने लगातार जीएसटी छापे और अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की। कांग्रेस ने भी बंद को समर्थन दिया है। दोपहर बाद भी शहर की दुकानें बंद हैं।
दरअसल, सरगुजा में लगातार व्यापारियों पर जीएसटी के छापों के खिलाफ शनिवार को व्यापारी संगठनों ने मोर्चा खोला। अंबिकापुर के रिंगरोड, बिलासपुर चौक पर लक्ष्मी ट्रेडर्स में शुक्रवार से चल रहे जीएसटी छापे का विरोध करते हुए व्यापारियों ने नारेबाजी की। अग्रसेन भवन में मीटिंग के बाद व्यापारियों ने रैली निकालकर रविवार को नगर बंद रखा।
रैली निकाली, कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग
व्यापारी संघों की रैली नगर के मुख्यमार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट चौक पहुंची। यहां व्यापारी संगठनों ने तहसीलदार उमेश बाज को मुख्यमंत्री के नाम आवेदन दिया। ज्ञापन में व्यापारी संगठनों ने जीएसटी छापे के नाम पर व्यापारियों से अवैध उगाही का आरोप लगाया है।
व्यापारी संगठनों ने आरोप लगाया है कि, जीएसटी चोरी का आरोप लगाकर फाइन का डर दिखाकर लाखों रुपए की अवैध उगाही की जा रही है। कुछ व्यापारियों को टारगेट कर कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी संगठनों ने व्यापारियों को जबरिया परेशान न करने और अवैध उगाही पर रोक लगाने की मांग की है।
कांग्रेस का मिला बंद को समर्थन, दिखा व्यापक असर
व्यापारी संगठनों के बंद का रविवार को साप्ताहिक बाजार के दिन भी व्यापक असर दिखा। कांग्रेस ने व्यापारी संगठनों के बंद को अपना समर्थन दिया है। व्यापारी संगठनों के आह्वान पर सभी दुकानें सुबह से ही बंद रहीं। दोपहर बाद तक दुकानें नहीं खुलीं।
स्टेट GST ने कहा- लाखों की टैक्स चोरी
सरगुजा में एक महीने में दर्जनों की संख्या में कार्रवाई GST की टीम ने की है, लेकिन शनिवार को विवाद के बाद GST टीम ने विज्ञप्ति जारी की है। इसमें बताया गया है कि लक्ष्मी टेंडर्स में 30 मई और 31 मई को मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स, अंबिकापुर में जांच में पाया गया कि वर्ष 2017-18 से वर्ष 2024-25 तक कुल टर्न ओव्हर लगभग 96 करोड़ से अधिक है लेकिन उस पर कर का नगद भुगतान नगण्य किया गया है।
साल 2023-24 में माल की खरीदी 11 करोड़ की गई, लेकिन माल की सप्लाई मात्र 7 करोड़ की ही की गई है। व्यवसायी ने अपनी गलती / त्रुटि स्वीकार करते हुए स्वैच्छिक रूप से 17.55 लाख टैक्स भुगतान कर दिया है। उस व्यवसायी पर स्टेट GST विभाग ने पहले कोई कार्रवाई नहीं की।
बंसल ट्रेडिंग में लाखों की टैक्स चोरी
GST टीम ने मेसर्स बंसल ट्रेडिंग कार्पोरेशन, अंबिकापुर में 29 मई को जांच की कार्रवाई की गई है। साल 2017-18 से साल 2024-25 तक कुल टर्न ओव्हर लगभग 158 करोड़ से अधिक है। लेकिन उस पर कर का नगद भुगतान शून्य किया गया है। व्यवसायी ने अपनी गलती मानते हुए स्वैच्छिक रूप से 40 लाख कर भुगतान करने की मंशा जाहिर की। लेकिन जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने व्यवसायी से लेखा पुस्तक और अन्य दस्तावेज पेश करने की मांग की है।
