सीजी टुडे 24
सरगुजा जिले में राजमिस्त्री संदीप लकड़ा की हत्या के मामले में सरगुजा आईजी अंकित गर्ग ने सीतापुर के तत्कालीन थाना प्रभारी जॉन प्रदीप लकड़ा को सस्पेंड कर दिया है। हत्याकांड का खुलासा होने के बाद जॉन प्रदीप लकड़ा को सीतापुर थाने से हटा दिया गया था।
06 सितंबर को संदीप लकड़ा का शव मिला था, जिसका शव मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के मॉर्च्यूरी में रखा हुआ है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पीटल के फॉरेंसिक एचओडी ने शव के सड़ने-गलने का हवाला देकर शव का अंतिम संस्कार कराने पत्र भेजा है। यह पत्र सीतापुर एसडीएम ने परिजनों को सौंप संदीप के शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए कहा गया है।
तीन माह से लापता संदीप लकड़ा का शव 06 सितंबर को मैनपाट थानाक्षेत्र में पानी टंकी के नींव से बरामद किया गया था। हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी, दो करोड़ मुआवजा, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज द्वारा अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जा रहा है। मृतक संदीप का शव 20 दिनों से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के मॉच्र्युरी में रखा हुआ है।
/तत्कालीन थानेदार भी किए गए निलंबित/
संदीप हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभिषेक पांडेय एवं उसका ड्रायवर अब तक फरार है। मामले में सीतापुर पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने एवं लापरवाही के आरोप लगे थे। मामले में सीतापुर थाने से हटाए गए तत्कालीन थाना प्रभारी जॉन प्रदीप लकड़ा को सरगुजा आईजी अंकित गर्ग ने सस्पेंड कर दिया है। मामले में जांच अधिकारी रमेश चंद्र राय व प्रधान आरक्षक रूपेश महंत को पूर्व में सस्पेंड किया जा चुका है।
/संक्रमण का बढ रहा खतरा, शीघ्र करें अंतिम संस्कार /
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के फॉरेंसिक एचओडी ने मॉच्र्युरी में 20 दिनों से रखे गए संदीप लकड़ा के शव का अंतिम संस्कार कराने सरगुजा पुलिस को पत्र लिखा है। फॉरेंसिक एचओडी ने पत्र में कहा है कि शव सड़-गल रहा है। इससे संक्रमण का भी खतरा है। इसलिए जल्द शव के अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराएं।
सरगुजा पुलिस द्वारा यह पत्र सीतापुर एसडीएम को भेजा गया है। सीतापुर एसडीएम रवि राही ने यह पत्र परिजनों को सौंप दिया है। 06 सितंबर को जब शव बरामद किया गया तब संदीप की हत्या हुए करीब तीन माह हो चुके थे एवं शव डिस्पोजल की स्थिति में था। पोस्टमार्टम के बाद शव को ज्यादा दिन डीप फ्रीजर में भी नहीं रखा जा सकता।
/इधर अनिश्चितकालीन आंदोलन, आत्मदाह की चेतावनी/
सर्व आदिवासी समाज हत्याकांड के मामले में 8 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन सीतापुर में जारी है। संदीप लकड़ा की पत्नी सलीमा लकड़ा ने मांगें पूरी नहीं होने पर 02 अक्टूबर को अपने दो मासूम बच्चों के साथ आत्मदाह की चेतावनी देते हुए राष्ट्रपति के नाम पत्र भेजा है। सर्व आदिवासी समाज ने बुधवार को न्याय यात्रा निकाली थी एवं मांगं पूरी नहीं होने पर 02 अक्टूबर से प्रदेश व्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।
