सीजी टुडे 24
सरगुजा जिले के ग्राम हर्राढोढ़ी गांव में तीन महीने की एक बच्ची की मौत ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। यह दुखद घटना टीकाकरण के बाद हुई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
यह मामला कमलेश्वरपुर विकासखंड के ग्राम परपटिया मोहल्ला हर्राढोढ़ी का है, जहां माझी समुदाय के लोग अधिकतर निवास करते हैं। यहां हर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसी कार्यक्रम के तहत, बच्ची को तीन टीके लगाए गए और कुछ दवाइयां भी पिलाई गईं।टीकाकरण के बाद, परिजन बच्ची को घर लेकर आए। रातभर बच्ची लगातार रोती रही और अगली सुबह उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में गहरा आक्रोश फैल गया, और उन्होंने टीका लगाने वाले डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ ने बच्ची की मौत की जांच के लिए पोस्टमार्टम का आदेश दिया। रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत उसके श्वसन तंत्र सांस की नली में दूध चले जाने के कारण हुई है, न कि टीके के प्रतिकूल प्रभाव से।
