छत्तीसगढ़ टुडे 24 ब्यूरो राजीव कश्यप
विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत सरगुजा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र हेतु सामान्य प्रेक्षक आईएएस डॉ बी. सी. सतीश, आईएएस रूपवंत सिंह, एवं आईएएस पी. कोटेश्वर राव की उपस्थिति में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09- लुण्ड्रा 10- अम्बिकापुर और 11- सीतापुर के लिए किए गए नाम निर्देशन पत्र की स्क्रूटनी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष की गई। इस अवसर पर रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण के 03 विधानसभा क्षेत्रों में आज नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद कुल 44 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि द्वितीय चरण में नामांकन के अंतिम दिन 30 अक्टूबर तक कुल 57 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-09 लुण्ड्रा से 15 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जिसकी आज संवीक्षा पश्चात 12 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए। इसमें लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी से प्रबोध मिंज, हमर राज पार्टी से अनुक प्रताप सिंह टेकाम, इंडियन नेशनल कांग्रेस से डॉ प्रीतम राम, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से इसीदोर तिर्की, आम आदमी पार्टी से अलेक्जेण्डर केरकेट्टा, बहुजन समाज पार्टी से दिलीप सिंह गोंड, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) से बलबीर नागेश तथा निर्दलीय प्रत्याशी अफसाना सिंह, चक्रधारी सिंह, लीलाधर पैंकरा, श्रीमती उर्मिला सिंह, लोभन राम पैंकरा नामांकन पत्र स्वीकृत हुए। इण्डिया ग्रीन्स पार्टी से नामांकन जमा करने वाली प्रत्याशी अफसाना सिंह को संबद्ध राजनैतिक दल से फॉर्म ए व बी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निर्दलीय प्रत्याशी घोषित किया गया। नामांकन पत्रों में विधिमान्य नहीं पाए गए, में राजीव लकड़ा, बाल सिंह आंडिल्य तथा प्रमोद मिंज शामिल हैं।
