रामगढ़/अंबिकापुर |
छत्तीसगढ़ की पावन भूमि रामगढ़ (उदयपुर, जिला सरगुजा) में आयोजित होने वाले माता शबरी जी के जन्मोत्सव कार्यक्रम को एक नई पहचान मिलने जा रही है। इस पावन एवं ऐतिहासिक अवसर पर माननीय श्री राजेश अग्रवाल जी, पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को कार्यक्रम का संरक्षक बनने हेतु आमंत्रित किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
इस अवसर पर आपातकालीन मीसाबंदी स्वयंसेवक संघ, संभाजीनगर के सम्मानीय श्री अवधूत जोशी जी, स्वयंसेवक संघ के श्री मनीचंद आपट जी, श्री विष्णु गुप्ता (जिला संयोजक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, स्वयंसेवक संघ – सरगुजा) एवं श्री टिकेश्वर यादव (संस्थापक, एकलव्य जन कल्याण समिति) द्वारा माननीय मंत्री जी से भेंट कर रामगढ़ में प्रस्तावित माता शबरी जन्मोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा से अवगत कराया गया।
माननीय मंत्री श्री राजेश अग्रवाल जी ने माता शबरी जी के जीवन, उनकी भक्ति परंपरा, जनजातीय संस्कृति एवं रामगढ़ की ऐतिहासिक महत्ता को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर भव्य स्वरूप देने हेतु पूर्ण सहयोग एवं संरक्षण प्रदान करने की सहमति व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि माता शबरी जी का जीवन त्याग, सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है, जिसे समाज और नई पीढ़ी तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करेगा।
माता शबरी जन्मोत्सव के अंतर्गत आध्यात्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजातीय परंपराओं का प्रदर्शन, सामाजिक जागरूकता अभियान एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस घोषणा से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और आयोजन समिति ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।
