Current Date:06 May 2026





महाशिवरात्रि पर आज धूमधाम से निकलेगी भगवान शिव की बारात

महाशिवरात्रि उत्सव को लेकर सभी शिव मंदिरों मेंकी गई है आकर्षक साज सज्जा

महाशिवरात्रि पर आज धूमधाम से निकलेगी भगवान शिव की बारात
सीजी टुडे 24 राजीव कश्यप
प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवशंकर कीर्तन मण्डली केदारपुर द्वारा महाशिवरात्रि पर्व 2026 के अवसर पर भगवान शिव की ऐतिहासिक बारात धूमधाम से निकाला जाएगा। यह आयोजन विगत 46 वर्षों चला आ रहा है। इस संबंध में बारात एवं मण्डली के संयुक्त कार्यक्रम प्रभारी भोला नाथ विश्वकर्मा एवं संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शिव बारात की सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष बारात में शामिल होने वाले भक्तगणों की संख्या में काफी वृद्धि देखी जा रही है, इसे ध्यान में रखते हुए सभी कार्यक्रम निर्धारित किए जा चुके है ताकि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो तथा किसी भी प्रकार की कोई परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि भगवान शिव की आकर्षक बारात रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर दोपहर 2 बजे शिव मंदिर सहेली गली प्रतापपुर नाका से ढोल, नगाड़े बाजे-गाजे, अबीर गुलाल एवं बम-पटाखों के साथ प्रस्थान करेगी। बारात के दौरान जगह-जगह पर भूत-प्रेत,चुडैल,नाग,गन्धर्व एवं किन्नरों द्वारा बारात का स्वागत किया जाएगा। बारात पूर्व निर्धारित मार्ग होते हुए गौरी मंदिर पुलिस लाईन पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह सम्पन्न होगा तथा दूसरे दिन सोमवार को सहेली गली,केदारपुर स्थित भगवान शिवमंदिर प्रांगण में आशीर्वाद समारोह के रूप में महाआरती पश्चात शाम 7 बजे से विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है। वहीं महाशिवरात्रि रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर जिला मुख्यिालय अंबिकापुर सहित पूरे संभाग क्षेत्र के शिव मंदिरों में तैयारी पूर्ण कर ली गई है। मंदिरों को विशेष आकर्षक लाइट से सजाए गए हैं। इसे लेकर पूजा समितियों द्वारा मंदिरों के रंगाई पुताई की तैयारी पूर्व से ही शुरू कर दी गई थी। अंबिकापुर के चौपाटी स्थित शिव मंदिर, नमनाकला, गांधीनगर, सत्तीपारा, दर्रीपारा, महामाया मंदिर, दुर्गा मंदिरों में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारी पूर्ण कर ली गई।