Current Date:02 Jun 2026





महतारी वंदन योजना से वंचित हितग्राहियों ने आंबा कार्यकर्ता पर आवेदन का ऑनलाइन एंट्री नहीं करने लगाया आरोप

लुण्ड्रा जप के ग्राम अगासी की 67 महिलाओं ने सरपंच के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

महतारी वंदन योजना से वंचित हितग्राहियों  ने आंबा कार्यकर्ता पर आवेदन का ऑनलाइन एंट्री नहीं करने लगाया आरोप
राजीव कश्यप सीजी टुडे 24
लुण्ड्रा विकासखंड के ग्राम  पंचायत नवडिहा के ग्राम अगासी के महिलाओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की लापरवाही से महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया है। सरपंच संकुतला तिग्गा के साथ ही गांव की 67 महिलाओं ने आज मंगलवार को कलेक्टर के जनदर्शन में ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना का आवेदन भरे जाने के दौरान उनके द्वारा अगासी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को आवेदन जमा किया गया था, मगर कार्यकर्ता के द्वारा आवेदन को पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज नहीं किया गया। जिसके चलते न तो उनके आवेदन का परीक्षण हो पाया और न ही स्वीकार। इन महिलाओं ने कहा कि मौजूदा समय में हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से पुनः आवेदन लिए जाने की मांग कर रहे हैं, मगर यह जानकारी दी जा रही है कि शासन स्तर पर पोर्टल नहीं खुलने के चलते अभी नए आवेदन नहीं लिए जा सकते हैं। महिलाओं ने लापरवाही पर आंबा कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं आंबा कार्यकर्ता का कहना है कि महतारी वंदन योजना का आवेदन पोर्टल में अपलोड करने के दौरान सर्वर बाधा से निर्धारित समय सीमा से कई लोगों का आवेदन अपलोड नहीं हो पाया था। इस पर कोई भी लापरवाही नहीं बरती गई है सर्वर बाधा के कारण ही यह परेशानी उत्पन्न हुई है। शासन स्तर पर पोर्टल खुल जाने के बाद नए आवेदन पुनः स्वीकार किये जायेंगे
 अलग पंचायत बनाने की  मांग
अगासी के ग्रामीणों ने राजस्व ग्राम नवडीहा को अलग कर अगासी को नवीन ग्राम पंचायत बनाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उन्हें राशन सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए तीन से चार किमी चलना पड़ता है। यदि अगासी को अलग पंचायत बना दिया जाएगा तो ग्रामीणों को काफी  सहूलियत मिलेगी। जिससे गांव का विकास भी हो सकेगा।