Current Date:01 Jun 2026





अतिशेष शिक्षकों के समायोजन में हुआ बवाल, काउंसलिंग के विरोध में शिक्षकों ने दिया धरना

घण्टे भर बाद शुरू हो सका काउंसलिंग

अतिशेष शिक्षकों के समायोजन में हुआ  बवाल, काउंसलिंग के विरोध में शिक्षकों ने दिया धरना
सीजी टुडे 24 ब्युरो

अंबिकापुर  सरगुजा जिला मुख्यालय में आज युक्तियुक्तकरण के तहत प्राथमिक स्कूलों में अतिशेष शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया। काउंसलिंग के पहले दिन ही बड़ी संख्या में पहुंचे शिक्षकों ने इस प्रक्रिया का विरोध करते हुए जोरदार नारेबाजी की, जिससे काउंसलिंग का कार्य करीब एक घंटे तक ठप रहा। इसके बाद पुनः काउंसलिंग की प्रकिया शुरू की गई।विरोध के बीच जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शिक्षकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित शिक्षक शांत नहीं हुए और काउंसिल भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। शिक्षकों का आरोप है कि यह प्रक्रिया न केवल शिक्षा नियमावली के खिलाफ है, बल्कि इससे शिक्षकों को भारी असुविधा होगी और छात्रों के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। उनका कहना है कि समायोजन की यह नीति 2008 के सेटअप के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि न तो शिक्षक प्रभावित हों और न ही विद्यार्थियों की पढ़ाई। शिक्षक संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने की बात भी कही है। उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय उनके साथ न्याय करेगा और सरकार की इस 'विसंगतिपूर्ण' नीति पर रोक लगेगी।