Current Date:03 Jun 2026





लुण्ड्रा क्षेत्र के खाद बीज वितरण केन्द्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

किसानों को पात्रता अनुसार वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

लुण्ड्रा क्षेत्र के खाद बीज वितरण केन्द्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
सीजी टुडे 24ब्यूरो

कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने आज मंगलवार को लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी मर्यादित समिति बटवाही, ससौली एवं धौरपुर के खाद-बीज वितरण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध खाद-बीज की स्थिति, भंडारण व्यवस्था तथा वितरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली।
 श्री भोसकर ने इस खरीफ सीजन के लिए यूरिया, डीएपी, इफको, पोटाश, नैनो यूरिया, सुपर फास्फेट (दानेदार एवं पाउडर) जैसे उर्वरकों की आवक, अब तक हुई बिक्री और शेष स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि छोटे और बड़े सभी किसानों को उनकी पात्रता अनुसार ही खाद-बीज का वितरण किया जाए, ताकि सभी किसानों को खाद-बीज सही समय पर प्राप्त हो सके।
 निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद-बीज वितरण रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था और स्टॉक पंजी की भी जांच की। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें समय पर और सही मात्रा में खाद-बीज मिल रहा है या नहीं। किसानों ने बताया कि उन्हें खाद-बीज उपलब्ध हो रहा है।
 कलेक्टर ने खाद-बीज की आवक और वितरण की नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
 निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री शतरंज सिंह, डीएमओ अरुण विश्वकर्मा, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी पीसी गुप्ता, कृषि विभाग उपसंचालक श्री पितांबर सिंह दीवान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।