Current Date:02 Jun 2026





सरगुजा में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या ने बढाई लोगों की चिंता, सप्ताह भर में 5 मिले पॉजिटिव मास्क एवं प्रोटाकॉल पालन की अपील

तीन स्वास्थ्य कर्मी पाए गए हैं पॉजिटिव, बिलासपुर और रायपुर की है ट्रैवल हिस्ट्री

सरगुजा में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या ने  बढाई लोगों की चिंता, सप्ताह भर में 5 मिले पॉजिटिव मास्क  एवं प्रोटाकॉल पालन की अपील
सीजी टुडे 24 ब्यूरो

सरगुजा में कोरोना पांव पसार रहा है। पिछले एक सप्ताह में पांच मरीज कोविड पॉजिटिव मिले हैं। कोविड पॉजिटिव मिले लोगों में 3 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और 2 अन्य मरीज शामिल हैं। सभी की ट्रैवल हिस्ट्री बिलासपुर और रायपुर की है। हालांकि, पीड़ितों में कोई भी मरीज गंभीर नहीं है। सभी का इलाज किया जा रहा है और कांटेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है।

सरगुजा में कोविड का पहला केस 12 जून को मिला था। लखनपुर हॉस्पिटल में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया था। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री रायपुर की मिली थी। इसके बाद 13 जून को मेडिकल कॉलेज का एक कर्मचारी भी पॉजिटिव पाया गया है। वहीं अब तक स्वास्थ्य विभाग के 3 कर्मचारी सहित कुल 5 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

सभी का होम आइसोलेशन में इलाज

जिला नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कोविड पॉजिटिव मिले किसी मरीज की हालत गंभीर नहीं है। लक्षण सामान्य होने के कारण सभी का होम आइसोलेशन में इलाज किया जा रहा है। पीड़ित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों को भी सर्दी-बुखार के लक्षण मिलने पर जांच करने की सलाह दी गई है।

डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारी की गई है। अगर गंभीर मरीज पाए जाते हैं तो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोविड वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। सर्दी-बुखार के पीड़ितों की जांच RTPCR से कराई जा रही है। 1 जून से अब तक लगभग 200 RTPCR टेस्ट हो चुके हैं।

मास्क लगाने एवं प्रोटाकॉल पालन की अपील
   
डा. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि यदि सर्दी-खांसी, बुखार से कोई पीड़ित हैं और वे ठीक नहीं हो रहे हैं तो कोविड की जांच कराएं और नियमों का पालन करें।
आम लोगों से कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की भी अपील की जा रही है। 
    लोग मास्क पहने, सार्वजनिक जगहों पर जाने से परहेज करें। हाथ साबुन और पानी से बार-बार धोएं। इससे कोविड से बचा जा सकता है।