Current Date:03 Nov 2026





आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज के नाम पर गड़बड़ी

16 अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन रद्द

आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज के नाम पर गड़बड़ी
रायपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज के नाम पर गड़बड़ी करने वाले राज्य के 19 अस्पतालों का स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों जांच किया था जिनमें 16 अस्पतालों में सबसे ज्यादा 11 में मरीजों से अतिरिक्त पैसे वसूलने की शिकायत सही पाई गई। 7 अस्पतालों में बिना जरूरत मरीजों को भर्ती किया गया था। 5 अस्पतालों में इलाज के पैकेज की गलत कोडिंग मिली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनका आयुष्मान योजना के तहत रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है इनमें सबसे ज्यादा 8 अस्पताल रायपुर के हैं। इसके अलावा 6 अस्पतालों में एजेंटों के जरिए मरीज लाने और 2 अस्पतालों में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले सामने आए हैं।
इन 16 अस्पतालों का हुआ रजिस्ट्रेशन रद्द
श्री अनंत साई अस्पताल में एजेंटों के जरिए मरीज लाने
एसके केयर अस्पताल में मरीजों से ज्यादा पैसे लेने और एजेंटों के जरिए मरीज लाने
श्री महावीर अस्पताल में अतिरिक्त वसूली।
श्रीनिवास अस्पताल में फर्जी दस्तावेज और एजेंटों के जरिए मरीज लाने
वरदान अस्पताल में पैकेज की गलत कोडिंग और जरूरी दस्तावेजों की कमी के साथ एजेंटों से मरीज लाने
सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में अतिरिक्त वसूली
हेरिटेज अस्पताल में अतिरिक्त वसूली, गलत पैकेज कोडिंग और एजेंटों से मरीज लाने
श्री रावतपुरा सरकार अस्पताल में अतिरिक्त वसूली, गलत पैकेज कोडिंग और एजेंटों से मरीज लाने की गड़बड़ी मिली
दुर्ग के पल्स अस्पताल में पैकेज की गलत कोडिंग और मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने का मामला मिला
श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में बिना जरूरत भर्ती और अतिरिक्त वसूली की गई
कोंडागांव के नेताम अस्पताल एवं इन्फर्टिलिटी सेंटर में मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने की गड़बड़ी मिली
कोरबा के हरि कृष्णा केयर अस्पताल में अतिरिक्त वसूली और बिना जरूरत मरीजों को भर्ती करने का मामला सामने आया।
बस्तर के स्वामी चंद्रशेखरानंद अस्पताल में बिना जरूरत भर्ती, गलत पैकेज कोडिंग और मरीजों से वसूली की गई
कबीरधाम के जय जगन्नाथ हेल्थकेयर में मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने का मामला मिला
बिलासपुर के अशोक प्रसूति मंदिर में गलत पैकेज कोडिंग, ज्यादा चार्ज लेने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की गड़बड़ी मिली
केयर एन क्योर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में मरीजों से ज्यादा पैसे वसूले गए।
जांच के दौरान तीन अस्पतालों में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं पाई गई। इनमें बिलासपुर का मेहता चिल्ड्रन नर्सिंग होम, रायपुर का विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा का डीएचटी अस्पताल शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त संचालक इंद्रजीत बर्मन ने बताया कि जांच में गड़बड़ी मिलने वाले अस्पतालों पर आयुष्मान योजना के तहत कार्रवाई की गई है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए अलग टीम बनाई गई है। फिलहाल 16 अस्पतालों पर हुई कार्रवाई आयुष्मान योजना के रजिस्ट्रेशन तक सीमित है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई अलग प्रक्रिया है।