छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच जंगल में एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना राजादेवरी थाना क्षेत्र की बया चौकी के अंतर्गत हुई। जानकारी के अनुसार, जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के सीने और कंधे के पास तीन गहरे चोट के निशान मिले, जो धारदार हथियार से हमले के प्रतीत हो रहे हैं। मृतक के शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान भी पाए गए हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
