Current Date:03 Jun 2026





सरकारी तंत्र या अधिकारी से यदि है परेशान तो शिकायत कर लीजिए तैयार, 8 से शुरु हो रहा सुशासन तिहार जानने के लिए करें क्लिक

तीन चरणों में होगा सुशासन तिहार सीएम करेंगे आमजनों से सीधा संवाद

सरकारी तंत्र या अधिकारी से यदि है  परेशान तो शिकायत कर लीजिए तैयार, 8 से शुरु हो रहा सुशासन तिहार जानने के लिए करें क्लिक
सीजी टुडे 24 ब्यूरो राजीव कश्यप
छत्तीसगढ़ में सरकार की ओर से सुशासन तिहार मनाया जाएगा। यह आयोजन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 5 मई से 31 मई के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस तिहार के लिए एक पोर्टल बनाया जा रहा है। 
 मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को जारी किया पत्र 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी करते हुए सुशासन तिहार-2025 के आयोजन के निर्देश दिए हैं। यह तिहार प्रदेश में सुशासन की सशक्त स्थापना, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और जन संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि सरकार शासन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, प्रभावशीलता और जन-हितैषी प्रशासन की स्थापना को लेकर कटिबद्ध है। इस तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे आम जनता से जुड़कर, उनकी समस्याओं को समयबद्ध ढंग से सुलझाने का कार्य करेगा 
पंचायतों और निकायों में रखी जाएगी पेटी
आम जनता से उनकी समस्याओं के संबंध में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों और नगरीय निकाय कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इन स्थलों पर समाधान पेटी रखी जाएगी, ताकि लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें निःसंकोच लिखकर उसमें डाल सकें। आवेदन प्राप्त करने के लिए समाधान पेटी की व्यवस्था जिला और विकासखण्ड मुख्यालय स्तर पर भी की जाए। ऑनलाइन भी किए जा सकेंगे आवेदन
ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की भी पोर्टल पर व्यवस्था रहेगी। कॉमन सर्विस सेंटर का भी ऑनलाइन आवेदन लेने के लिए उपयोग किया जा सकता है। प्रत्येक आवेदन को एक कोड देने की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। निर्धारित प्रारूप में खाली आवेदन पत्र प्रिन्ट कराकर ग्रामीणों को उपलब्ध कराए जा सकते हैं। प्रत्येक आवेदन को पोर्टल पर पंजीकृत कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, साथ ही, आवेदनकर्ता को पावती दी जाएगी। 
समाधान शिविर 5 मई से
5 मई से 31 मई 2025 के दौरान प्रत्येक 8 से 15 पंचायतों के मध्य समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। नगरीय निकायों में भी आवश्यकतानुसार समाधान शिविर आयोजित होंगे। शिविरों के आयोजन की तिथि की जानकारी आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से तथा आवेदन की पावती के माध्यम से दी जाए, साथ ही इन तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।

प्रभावी मॉनिटरिंग और नवाचार पर जोर

इस अभियान के लिए विशेष पोर्टल तैयार किया जा रहा है जिसमें आवेदन की प्रविष्टि, मॉनिटरिंग और समाधान प्रक्रिया डिजिटल रूप से दर्ज होगी। प्रत्येक आवेदन को एक यूनिक कोड दिया जाएगा और आवेदनकर्ताओं को पावती भी दी जाएगी। जिला कलेक्टरों को नवाचार की छूट दी गई है ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तिहार अधिक प्रभावशाली बनाया जा सके।
विकास कार्यों का निरीक्षण और समीक्षा 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। संबंधित मंत्रीगण और प्रभारी सचिव भी इसी प्रक्रिया को अपनाएंगे। प्रत्येक जिले में समाधान शिविरों के बाद समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री शिविरों के दौरान आमजन, संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। जिससे 'सुशासन तिहार-2025' प्रदेश में जनसेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
     बता दें कि शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा और शासन-प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से 'सुशासन तिहार-2025' आयोजित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने इस महाअभियान की घोषणा करते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक इकाई इसमें सक्रिय भूमिका निभाएगी और यह तिहार जनसरोकारों से सीधे जुड़ाव का माध्यम बनेगा।