Current Date:15 May 2026





जंगल में मंगल करना पड़ा भारी : शिक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई, संविदा व्याख्याता की सेवा समाप्त

विकासखंड बतौली सेजेस स्कुल का मामला

जंगल में मंगल करना पड़ा भारी : शिक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई, संविदा व्याख्याता की सेवा समाप्त
सीजी टुडे 24 राजीव कश्यप
अम्बिकापुर/बतौली
शिक्षा विभाग ने शिक्षकीय गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालक बतौली में पदस्थ संविदा व्याख्याता श्री सुरेश कुमार जायसवाल की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह कार्रवाई कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा द्वारा जारी आदेश क्रमांक 7605/शिकायत जांच/2026-27 दिनांक 13 मई 2026 के तहत की गई।
प्राप्त शिकायत के अनुसार श्री जायसवाल से संबंधित एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच दल गठित किया गया। जांच समिति में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बतौली, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सीतापुर सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्राचार्यों को शामिल किया गया था।
जांच प्रतिवेदन में यह तथ्य प्रमाणित पाया गया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति श्री सुरेश कुमार जायसवाल ही हैं तथा उपयोग में लिया गया वाहन भी उनका ही था। जांच में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त घटनाक्रम से शिक्षकीय गरिमा तार-तार हुई है, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच शिक्षकों के प्रति विश्वास प्रभावित हुआ है तथा विद्यालय एवं शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है।
शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, किंतु प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषप्रद नहीं पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं नियुक्ति आदेश की शर्तों के उल्लंघन के आधार पर संविदा नियुक्ति समाप्त करने की कार्रवाई की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश को कलेक्टर सरगुजा से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।