Current Date:02 Jul 2026





सेवा अवधि पूर्ण होने पर शिक्षक एवं भृत्य को दी गई गरिमापूर्ण भावभीनी विदाई

सेवानिवृत्ति के दिन ही मिला लंबित देयकों का भुगतान

सेवा अवधि पूर्ण होने पर शिक्षक एवं भृत्य को दी गई गरिमापूर्ण भावभीनी विदाई
सीजी टुडे24  राजीव कश्यप

लुण्ड्रा //  विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय लुण्ड्रा में सोमवार को सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावनात्मक एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां शिक्षा जगत को वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले चार कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

समारोह में श्री अंबिका प्रसाद सोनी, प्रधान पाठक माध्यमिक शाला रघुनाथपुर, श्री देव राम यादव, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला डकई, श्री बालेश्वर राम, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला बिल्हामा तथा श्री तसौवर हुसैन, भृत्य माध्यमिक शाला चेऊरपानी को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी लंबित देयकों का सेवानिवृत्ति दिवस पर ही भुगतान सुनिश्चित किया गया। लंबित भुगतान प्राप्त होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षा विभाग के प्रति आभार प्रकट किया। उपस्थित जनों ने इसे कर्मचारियों के हित में विभाग की संवेदनशील एवं सराहनीय पहल बताया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश गुप्ता, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अजय सिंह, सुनील सिंह, भृगुनाथ दुबे एवं कृपा रॉय ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के दौरान कई क्षण भावुकता से भरे रहे और उपस्थित लोगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।