लुण्ड्रा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत लमगांव में स्थित स्वयं प्रगट भीमसेन हनुमान मंदिर लमगांव में प्रभु कृपा से उपनयन संस्कार सर्व ब्राम्हण समाज (ग्रामीण) जिला सरगुजा के तत्वाधान में माननीय अध्यक्ष महोदय पं. श्री प्रभुनाथ पाण्डेय जी, संरक्षक पं. श्री उमाशंकर उपाध्याय जी के मार्गदर्शन में दिनांक 08.05.2025, एकादशी, दिन गुरूवार को प्रातः 8 बजे से आयोजित कराया जा रहा है। जिसमें 11 बटुक बालकों के परिजनों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनका उपनयन संस्कार संपन्न होगा।
यह संस्कार हिंदू धर्म में एक महत्वपूर्ण संस्कार है। जो व्यक्ति को ब्रह्मचर्य के मार्ग पर ले जाता है और शिक्षा और ज्ञान के लिए तैयार करता है। यह संस्कार व्यक्ति को आध्यात्मिक और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनाता है।
इस अवसर पर संस्कार करा रहे बालकों के परिवारजन, रिश्तेदार, संगठन से जुड़े विप्रजन, पुरोहित एवं मातायें-बहनें और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे।
संस्कार के दौरान बालक बटुकों को यज्ञोपवीत (जनेऊ) पहनाया जाएगा और वे गायत्री मंत्र का जाप करेंगे। यह संस्कार व्यक्ति को ब्रह्मचर्य का पालन करने और ज्ञान की साधना करने के लिए प्रेरित करता है। इस पुनित कार्य को संपन्न कराने में संगठन के सारे पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान एवं विशेष मार्गदर्शन है।

