सीजी टुडे 24 राजीव कश्यप
झारखंड के वासेपुर का गैंगस्टर सब्बीर आलम कई सालों से अंबिकापुर में पहचान छिपाकर रह रहा था। उसे पकड़ने के लिए पहुंची धनबाद पुलिस को चकमा देकर सब्बीर आलम फरार हो गया। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है।
गैंगस्टर सब्बीर आलम, उसके भाई और साथियों ने वासेपुर के डॉन फहीम खान की मां और चाची की वर्ष 2001 में गोली मारकर हत्या कर दी थी। सब्बीर आलम चार साल पहले झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान भाग निकला था। वासेपुर के गैंगस्टरों पर फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर भी बनी है।
जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टर सब्बीर आलम, उसके भाई शाहीद आलम और साथियों ने 18 अक्टूबर 2001 को डॉन फहीम खान की मां नाजमा खातून और चाची शाहनाज खातून की धनबाद के डायमंड क्रासिंग के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी, वे दोनों बाजार से लौट रही थीं। गैंगस्टर सब्बीर आलम और डॉन फहीम खान के बीच दुश्मनी के कारण यह घटना हुई थी।
*2013 में फरार हो गया था सब्बीर आलम*
मामले में गैंगस्टर सब्बीर आलम, शाहीद आलम सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले की झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सब्बीर आलम भाग निकला था। तब से वह पकड़ा नहीं जा सका था। वर्ष 2018 में धनबाद की अदालत ने शाहीद आलम सहित अन्य आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
अंबिकापुर में रह रहा था गैंगस्टर, छापेमारी में हुआ फरार
गैंगस्टर सब्बीर आलम अंबिकापुर में छिपकर रह रहा था। इसकी सूचना पर धनबाद पुलिस अंबिकापुर पहुंची और रिंगरोड स्थित होटल की गली में छापा मारा। झारखंड पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, इसलिए स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया। इस बीच मौका पाकर सब्बीर आलम भाग निकला।
झारखंड पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी सरगुजा पुलिस को नहीं दी थी, जब सब्बीर आलम भाग निकला तो सूचना सरगुजा पुलिस को दी गई।
*नहीं मिला वारंटी, की जा रही तलाश-एसएसपी*
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि धनबाद की पुलिस टीम वारंटी की तलाश में अंबिकापुर आई थी। झारखंड पुलिस की टीम सरगुजा पुलिस को सूचना दिए बगैर वारंटी को पकड़ने पहुंचे थे। जब वारंटी पकड़ा नहीं गया तो सरगुजा पुलिस को सूचना दी गई। सरगुजा पुलिस ने संयुक्त प्रयास से वारंटी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला।
गैंगवार पर बनी है फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर
धनबाद के कोयला माफियाओं और गैंगस्टरों पर हिट फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर भी बनी है जो वर्ष 2012 में रिलीज हुई थी। अनुराग कश्यप की इस फिल्म में माफिया डॉन फहीम खान, गैंगस्टर सब्बीर आलम सहित अन्य लोगों की कहानियां हैं।
