Current Date:27 Oct 2026





उर्सूलाइन स्कूल की छात्रा ने की छत से कूदकर सुसाइड करने की कोशिश.

दो घंटे तक मार्ग में लगा रहा जाम

उर्सूलाइन स्कूल की छात्रा ने की छत से कूदकर सुसाइड करने की कोशिश.
अंबिकापुर के उर्सूलाइन स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली कक्षा 12वीं की एक छात्रा दो मंजिला इमारत की छत पर चढ़ गई और वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। टीचर्स ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद एक युवक चुपके से छत पर चढ़ा और छात्रा को पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दिनेश झा भी वहां पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। छात्रा के छत पर चढ़ने के कारण नावापारा के आकाशवाणी रोड पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के मुताबिक, घटना शाम के समय की है। नावापारा के आकाशवाणी रोड पर उर्सूलाइन स्कूल के बगल में संचालित हॉस्टल में रहने वाली छात्रा अचानक छत पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी।
टीचर्स ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह चिल्लाते हुए कूदने की जिद पर अड़ी रही।
इसकी सूचना गांधीनगर पुलिस टीम को मिली तो एसआई दिलीप दुबे के साथ पुलिस टीम हॉस्टल परिसर में पहुंची। सड़क से लगे हॉस्टल में छात्रा को छत के ऊपर बने रेलिंग में चलते हुए देखकर लोगों की भीड़ लग गई।
छात्रा चिल्लाते हुए कूदकर सुसाइड करने की धमकी दे रही थी। लोगों ने भी उससे नीचे उतरने की गुजारिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इस बीच एक युवक रोशन ठाकुर पाइप के सहारे छत पर चढ़ा और उसने छात्रा को पकड़ लिया। छात्रा को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
हॉस्टल और परिसर में मौजूद टीचर्स को छात्रा को सौंप दिया गया है। बताया गया है कि छात्रा जशपुर जिले के कांसाबेल की रहने वाली है। परिजनों को भी फोन लगाया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

घटना की सूचना पर डीईओ दिनेश झा भी मौके पर पहुंचे। आशंका है कि छात्रा किसी कारण डिप्रेशन में आ गई थी। टीचर्स ने उसे समझाइश दी है।
घटना के कारण करीब दो घंटे से अधिक समय तक नावापारा, आकाशवाणी रोड में जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने भीड़ को हटाकर मार्ग में आवागमन दुरूस्त कराया।