Current Date:28 Jun 2026





मनरेगा कार्यों की कार्ययोजना बनाने हेतु युक्तधारा पोर्टल पर दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के कार्यप्रवाह को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से समझाया गया।

मनरेगा कार्यों की कार्ययोजना बनाने हेतु युक्तधारा पोर्टल पर दिया गया प्रशिक्षण
अम्बिकापुर 17 सितम्बर 2025/ महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से युक्तधारा पोर्टल के क्रियान्वयन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के कार्यप्रवाह को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से समझाया गया। साथ ही ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना बनाने हेतु अभ्यास सत्र भी कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि युक्तधारा पोर्टल ग्रामीण विकास योजनाओं के निर्माण, प्रबंधन और निगरानी के लिए एक आधुनिक डिजिटल मंच है।

इस पोर्टल के माध्यम से डेटा प्रविष्टि, कार्ययोजना तैयार करना, कार्यों की लिस्टिंग, डेटा अपलोडिंग और प्रगति की निगरानी आसानी से हो सकेगी। साथ ही संसाधनों के उपयोग को अधिक पारदर्शी बनाने में भी यह सहायक होगा। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कार्य योजना तैयार करने, कार्यों की लिस्टिंग, डेटा अपलोडिंग और प्रोजेक्ट ट्रैकिंग की विधियां बताई गईं। इसके अतिरिक्त क्लार्ट एप (CLART APP) की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को गंभीरता और ईमानदारी से सीखना चाहिए। उन्होंने बताया कि युक्तधारा पोर्टल मनरेगा कार्य योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगा तथा इसके माध्यम से उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण संभव होगा।
प्रशिक्षण में प्रमुख रूप से कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अंबिकापुर, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग, सभी कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, चौपाल एवं बैफ संस्था के नोडल अधिकारी, वन विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, वाटरशेड एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
---00---