सफलता की कहानी
अम्बिकापुर 08 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना जरूरतमंद माताओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि से श्रमिक परिवारों की महिलाओं को अपने बच्चों के पालन-पोषण और खान-पान संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत भिट्टिकला के ढोढ़ीपारा निवासी श्रीमती लीलावती भी योजना से लाभान्वित हुई हैं। श्रमिक के रूप में कार्य करने वाली लीलावती के दो बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत मिली 20 हजार की सहायता राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
लीलावती ने बताया कि वह प्राप्त राशि का उपयोग अपने बच्चों के खान-पान, देखभाल और बेहतर पालन-पोषण में करेंगी। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में उन्हें सहारा मिलेगा और परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा श्रमिक परिवारों और माताओं के हित में संचालित ऐसी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी मददगार हैं। लीलावती ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें मिली 20 हजार की सहायता राशि उनके बच्चों के भविष्य और बेहतर पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मिनीमाता महतारी जतन योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों की महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर मातृत्व एवं शिशु देखभाल को मजबूत करने तथा परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। योजना से मिलने वाली सहायता राशि लाभार्थी परिवारों के लिए जरूरत के समय उपयोगी सहारा बन रही है।
