सीजी टुडे 24 राजीव कश्यप
सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप 2026 का आज गांधी स्टेडियम बास्केटबॉल ग्राउंड में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले गए तथा विजेता टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को जिला स्तरीय सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में सरगुजा बॉलर्स एवं सरगुजा फाइटर्स के बीच शानदार मैच खेला गया। मुकाबले में सरगुजा बॉलर्स ने 14-07 के स्कोर से जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में सरगुजा लायंस एवं सरगुजा ब्लैक पैंथर्स के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक चले मुकाबले में सरगुजा लायंस ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विशिष्ट पूर्व खिलाड़ी एवं समाजसेवी संजय अग्रवाल तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा किसान मोर्चा निशांत सिंह गोल्ड उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। खेल हमें अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सरगुजा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि लीग प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मैच अनुभव प्रदान करना था, जिसमें संघ को पूर्ण सफलता मिली है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता देखने को मिली। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की लीग प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर मिल सके।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अभिभावकों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ ने सभी अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में रजत सिंह,सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, रिमझिम मिश्रा, सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
