Current Date:01 Jun 2026





पूर्व शासकिय अधिवक्ता और पुत्र व पत्नि के साथ मारपीट का मामला

सर्व ब्राह्मण समाज अम्बिकापुर ने कहा 24 घंटे में अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दिन हेलीपैड पर ही ब्राह्मण समाज करेगा धरना प्रदर्शन

पूर्व शासकिय अधिवक्ता और पुत्र व पत्नि के साथ मारपीट का मामला
सीजी टूडे 24 अम्बिकापुर, लक्ष्मी नारायण तिवारी आज सर्व ब्राह्मण समाज अम्बिकापुर के द्वारा हवलदार संतोष कश्यप की गिरफ़्तारी एवं बर्खास्तगी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन पत्र अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया।

यह ज्ञापन उस गंभीर घटना के संदर्भ में दिया गया, जिसमें हवलदार संतोष कश्यप एवं उसके दो साथियों द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता तथा सर्व ब्राह्मण समाज, अम्बिकापुर के अध्यक्ष राजेश तिवारी, उनकी धर्मपत्नी श्रीमति संध्या तिवारी एवं पुत्र राहुल तिवारी पर वाहन मोड़ने को लेकर गाली गलौज करते हुये वाहन से उतार कर प्राणघातक हमला किया गया था। परिणाम स्वरूप राजेश तिवारी के पैर में फ्रैक्चर हो गया है, श्रीमती संध्या तिवारी के सिर में गंभीर चोट आयी है और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया है।  उक्त घटना से पूरा शहर व समाज और आमजन में व्यापक आक्रोश एवं भय का माहौल है। एक पुलिसकर्मी द्वारा ऐसा अपराध करना न केवल विभागीय शपथ का उल्लंघन है बल्कि कानून.व्यवस्था की खुली अवहेलना भी है।

समाज ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर हवलदार संतोष कश्यप एवं उसके साथियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दिन हेलीपैड पर ही ब्राह्मण समाज द्वारा बड़े पैमाने पर धरना.प्रदर्शन किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संपूर्ण प्रकरण में कानून सम्मत एवं कठोर कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी। ज्ञापन पत्र सौंपते समय अम्बिकापुर सर्व ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा।