Current Date:06 Jul 2026





लुण्ड्रा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कल

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया जाएगा आत्मीय स्वागत

लुण्ड्रा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कल
सीजी टुडे 24 राजीव कश्यप
शिक्षा के क्षेत्र में नए सत्र की शुरुआत को उत्सव का स्वरूप देने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा के दिशा निर्देशानुसार विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन कल दोपहर 12 बजे सामुदायिक भवन लुण्ड्रा में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर  विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश गुप्ता एवं खंड स्त्रोत समन्वयक अजय सिंह के नेतृत्व में शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यालयों में उत्साह का माहौल है और नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत की विशेष तैयारियां की जा रही है।
आयोजित कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्षा निरुपा सिंह, 
जिला पंचायत उपाध्यक्ष देव नारायण यादव, जनपद पंचायत अध्यक्षा कृष्णा पावले तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्षा कंचन जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में संम्पन होगी । इनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शाला प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक, मिष्ठान पुष्पमाला एवं अध्ययन सामग्री देकर स्वागत किया जाएगा। साथ ही शिक्षा के महत्व, नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन तथा शत-प्रतिशत नामांकन को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए जाएंगे।
बीईओ मनीष कुमार ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा विभाग द्वारा विकासखंड के समस्त पालकों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।