सीजी टुडे24 राजीव कश्यप
हितग्राहियों को आवास की चाबी, पेंशन स्वीकृति आदेश सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों का किया गया वितरण
सेवा सेतु अभियान के तहत शनिवार को जनपद पंचायत लुण्ड्रा में विकासखण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह की उपस्थिति में आयोजित शिविर में जनपद सदस्य, सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करते हुए विभिन्न हितलाभ एवं आवश्यक दस्तावेजों का वितरण किया गया।
इस दौरान हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। वहीं राजस्व विभाग द्वारा बी-1, किसान किताब, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों का वितरण किया गया।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जनपद सदस्यगण, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
