Current Date:28 Jun 2026





बहेराडीह की 21 वर्षीय बेटी का बिलासपुर रेल हादसे में दर्दनाक निधन, उज्ज्वल भविष्य के सपने पलभर में हुए चकनाचूर

मरने वालों की संख्या पहुंची 20

बहेराडीह की 21 वर्षीय बेटी का बिलासपुर रेल हादसे में दर्दनाक निधन, उज्ज्वल भविष्य के सपने पलभर में हुए चकनाचूर
सीजी टुडे 24 बिलासपुर
बिलासपुर रेल हादसे में एक और दर्दनाक खबर सामने आई है। इस हादसे में सक्ती जिले की 21 वर्षीय प्रिया चंद्रा, सुपुत्री श्री अशोक चंद्रा (बहेराडीह) - प्रबंधक, सहकारी समिति तुषार, जैजैपुर जिला सक्ती- का असमय निधन हो गया। जानकारी के अनुसार प्रिया सोमवार शाम चांपा रेलवे स्टेशन से कोरबा-बिलासपुर MEMU पैसेंजर ट्रेन में सवार हुई थीं और बिलासपुर जा रही थीं। लेकिन रास्ते में लालखदान स्टेशन के पास ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे हादसा इतना भीषण हुआ कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
रेल प्रशासन के मुताबिक अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और दर्जनों यात्री घायल हैं। उसी ट्रेन में सफर कर रही जैजैपुर निवासी प्रिया चंद्रा हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तत्काल बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। 
शिक्षा और सपनों से भरी ज़िंदगी थम गई
प्रिया चंद्रा गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर की छात्रा थीं। उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रही यह युवती अपने परिवार और साथियों के बीच एक होनहार, मिलनसार और प्रतिभाशाली छात्रा के रूप में जानी जाती थीं। उनकी आकस्मिक मृत्यु की खबर मिलते ही बहेराडीह गांव सहित पूरे सक्ती क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।