Current Date:21 Jul 2026





अंबिकापुर को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा की सौगात

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया सोनोग्राफी सेंटर का शुभारंभ

अंबिकापुर को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा की सौगात
अम्बिकापुर 20 जुलाई 2026/  पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को अंबिकापुर स्थित एक निजी संस्थान के नवीन सोनोग्राफी सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र से जुड़े सभी चिकित्सकों, प्रबंधन एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र क्षेत्रवासियों को आधुनिक, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ होना किसी भी समाज के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। आधुनिक तकनीकों से युक्त जांच सुविधाएं समय पर रोगों की पहचान और प्रभावी उपचार में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर में इस आधुनिक सोनोग्राफी केंद्र के प्रारंभ होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य जांच के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकारी प्रयासों के साथ-साथ निजी क्षेत्र की सकारात्मक भागीदारी भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देती है। ऐसे आधुनिक चिकित्सा केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।